Himachal: घर लौट रहे शख्स का अचानक फिसला पैर... गहरी खाई में गिरने से मौत
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 05:32 PM (IST)
तीसा, (सुभान दीन): उपमंडल चुराह के तीसा-नकरोड़ मार्ग पर पंगोला के समीप ढांक से पैर फिसलने के कारण एक व्यक्ति 600 फुट गहरी खाई में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान खेमराज पुत्र गंगू राम निवासी गांव धनलाई डाकघर नकरोड़ के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब खेमराज अपने घर लौट रहा था।
पंगोला के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरी खाई में जा गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जैसे ही ग्रामीणों को हादसे का पता चला, तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को गहरी खाई से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

