कुल्लू में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर पार्वती नदी में गिरी कार, 26 वर्षीय युवक की मौत
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 12:22 PM (IST)
Kullu Road Accident: जिला कुल्लू के भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया। यहां सरसाड़ी के समीप चौंग रोड जीरो प्वाइंट के पास एक आई-20 कार अनियंत्रित होकर सीधे पार्वती नदी में जा गिरी। इस हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कसोल से भुंतर की ओर आ रहा था प्रिंस सूद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रिंस सूद (26), निवासी कसोल के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह करीब 9:45 बजे प्रिंस अपनी कार में कसोल से भुंतर की ओर आ रहा था। सरसाड़ी के निकट पहुंचते ही वाहन चालक का गाड़ी पर नियंत्रण खो गया और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में सीधे पार्वती नदी के बर्फीले पानी में जा समाई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और परिजनों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर गहराई अधिक होने और नदी का बहाव तेज होने के कारण शव को बाहर निकालने में घंटों की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से शव को रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया गया। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को जिंदगीभर का गम दे दिया है। पुलिस प्राथमिक जांच में घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी मानवीय भूल के चलते।

