भाजपा की दो टूक, पुत्र या पार्टी में से एक को चुनें अनिल शर्मा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 03, 2019 - 05:11 PM (IST)

शिमला (योगराज): भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा द्वारा अनिल शर्मा को लेकर यह कहे जाने पर कि उनके पिता केवल उनके हैं भाजपा के नहीं हो सकते हैं, के पश्चात अनिल शर्मा को अपना स्टैंड क्लीयर (स्थिती सपष्ट) करना चाहिए कि अपने पुत्र का साथ देना है या फिर भाजपा का जिसके सहारे वह विधायक हैं और मंत्रिमंडल में विराजमान है। उन्होंने कहा कि अगर अनिल शर्मा भाजपा में बने रहना चाहते हैं तो उन्हे पार्टी के निर्देशानुसार मंडी विधानसभा श्रेत्र के साथ अन्य क्षेत्रों मे पार्टी के पक्ष मे प्रचार के लिए उतरना होगा क्योंकि पुत्र और पार्टी को लेकर उनके मन में दुविधा हो सकती है परन्तु पार्टी को उन्हें लेकर कोई दुविधा नहीं है।

आया राम गया राम राजनीति की संस्कृति के प्रतीक बन चुके हैं सुखराम

उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम आया राम गया राम राजनीति की संस्कृति के प्रतीक बन चुके हैं। इस बात को न केवल प्रदेश की जनता बल्कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भी बार-बार कहते रहे हंै। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पंडित सुखराम के बारे में यह बयान कि पंडित सुखराम को अपने परिवार के अतिरिक्त कुछ और नहीं दिखता है। पंडित सुखराम की राजनीति के सबसे शर्मनाक पहलू को उजागर करता है परन्तु इस बार के चुनाव गंदी राजनीति के इस अध्याय को पूरी तरह समाप्त करने का मन बना चुके हैं।

भाजपा एक सक्षम पार्टी, कार्यकर्ताओं के दम पर लड़ती है चुनाव

उन्होंने कहा कि भाजपा एक सक्षम पार्टी है किसी व्यक्ति विशेष के बजाय कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ती है, ऐसे में अगर किसी को यह लगता है कि उनके सहारे विधानसभा चुनावों में जीत मिली है तो यह सिर्फ उनकी गलतफहमी है। भाजपा ने वर्ष 2007 के विधानसभा चुनावों में भी मंडी से 7 विधानसभा क्षेत्रों में विजय हासिल की थी और गत लोकसभा चुनावों में मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के सत्ता के रहने के और सत्ता के दुरुपयोग के बावजूद शानदार जीत हासिल की है। इस बार तो नरेन्द्र मोदी का नाम और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का काम मंडी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस का वजूद खत्म कर देंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News