Hamirpur News: अणु के ग्राऊंड में 26 सितम्बर से अग्निवीर भर्ती रैली, DC ने प्रबंधों को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 04:03 PM (IST)
हमीरपुर (ब्यूरो): थल सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास करने वाले युवाओं के ग्राऊंड टैस्ट, मेडिकल और डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन की प्रक्रिया हेतु अणु के सिंथैटिक ट्रैक ग्राऊंड एवं डिग्री कॉलेज परिसर में 26 सितम्बर से 6 अक्तूबर तक भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने जिला प्रशासन के सहयोग से इस भर्ती रैली की तैयारियां आरंभ कर दी हैं। डीसी गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को हमीर भवन में थल सेना भर्ती कार्यालय और जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके इस रैली की तैयारियों की समीक्षा की।
डीसी ने कहा कि इसी वर्ष मार्च में भी यहीं पर भर्ती रैली आयोजित की जा चुकी है। इसलिए, सभी संबंधित अधिकारी पिछली रैली के अनुभव के आधार सभी आवश्यक प्रबंध करें। उन्होंने बताया कि इस बार जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के अभ्यर्थियों के अलावा क्लर्क श्रेणी की भर्ती में प्रदेश के अन्य जिलों के युवाओं को भी बुलाया गया है, जिससे अभ्यर्थियों की संख्या लगभग 4571 होगी। यानि प्रत्येक दिन लगभग 550 युवाओं का ग्राऊंड टैस्ट होगा। यह प्रक्रिया 4 अक्तूबर को समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। मौसम खराब रहने की स्थिति के लिए 5 और 6 अक्तूबर को रिजर्व दिन रखे गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए आने वाले सेना के लगभग 200 अधिकारियों एवं सैनिकों के रहने की व्यवस्था भी करनी होगी।
डीसी ने रैली स्थल पर बिजली, पानी, अग्निशमन, शौचालय एवं सफाई, मेडिकल, इंटरनेट, कंप्यूटर्स-प्रिंटर्स और अन्य सुविधाओं तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन के लिए शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों से भी अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। पात्र उम्मीदवारों की मैदान में एंट्री तड़के से ही शुरू हो जाएगी। इस दौरान बस सेवाएं उपलब्ध करवाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा अपनी शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाइयों के प्रयोग और रैली स्थल के आसपास संदिग्ध लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। डीसी ने सीएमओ से कहा कि वे इस संबंध में सभी दवा विक्रेताओं को भी विशेष दिशा-निर्देश जारी करें।
बैठक में सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने भर्ती रैली और इससे संबंधित विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। एसपी बलवीर सिंह, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, सहायक आयुक्त रजत चौधरी और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

