Hamirpur: ड्रंक एंड ड्राइव चालान से गुस्साए अधिकारी ने दी पुलिस को धमकी, थाने की सप्लाई करवाऊंगा बंद

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 07:32 PM (IST)

हमीरपुर (अजय चौहान): मेरा चालान करने की तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई? तुम नहीं जानते मैं एक वरिष्ठ अधिकारी हूं और मैं तुम्हारे थाने के पानी की सप्लाई बंद करवाऊंगा। यह हाई वोल्टेज ड्रामा शुक्रवार रात को शहर में सदर पुलिस द्वारा किए जा रहे ड्रंक एंड ड्राइव समेत अन्य चालानों के दौरान शराब के नशे में धुत्त एक विभाग के अधिकारी और एनआईटी में कार्यरत एक कर्मी ने किया। थाना प्रभारी इंस्पैक्टर कुलवंत राणा की अगुवाई में पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उस कथित अधिकारी समेत उसकी गाड़ी में सवार एनआईटी में कार्यरत एक कर्मी को हिरासत में ले लिया। इस घटना की शहर में खूब चर्चा हो रही है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात को करीब 10 बजे पुलिस ने शहर में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस ने एक गाड़ी को रोका, जिसमें एक विभाग के अधिकारी और एनआईटी में कार्यरत एक कर्मी कथित शराब के नशे में धुत्त थे। पुलिस ने अल्कोहल सैंसर से उनकी जांच की। इसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई और पुलिस ने नियमानुसार उनका ड्रंक एंड ड्राइव एक्ट में चालान किया। इस पर गुस्साए कथित अधिकारी और अन्य व्यक्ति पुलिस से उलझ गए। जब वे दोनों काफी देर तक यह ड्रामा और धमकी देने से बाज नहीं आए तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। शनिवार को उन्हें नोटिस देकर रिहा किया गया।

मामले की पुष्टि एएसपी राजेश उपाध्याय ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार रात को 2 लोगों को हिरासत में लिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्ती बरत रही है। इस दौरान 17 वाहनों के चालान किए गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News