Hamirpur : हमीरपुर में प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई का अभियान शुरू, DC ने कई इलाकों का किया दौरा
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 10:52 AM (IST)
Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिले में पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई का अभियान शुरू किया गया है और अब तक 236 प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई की जा चुकी है। इनमें 58 कुएं, 55‘खत्री', 112 बावड़ियां, तीन पानी के टैंक, पांच तालाब और तीन हैंड पंप शामिल हैं। उपायुक्त गंधर्व राठौर ने लोगों को पानी से होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए इस संबंध में यह आदेश जारी किया था।
राठौर ने हमीरपुर जिले में प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण और जीर्णोद्धार के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान में पारंपरिक कुओं, तालाबों, बावड़यिों,‘खत्री'(पानी जमा करने के पारंपरिक ढांचे) और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई शामिल है। इसमें ग्राम पंचायतों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और अन्य सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उपायुक्त की इस पहल के ज़मीनी स्तर पर अच्छे नतीजे मिल रहे हैं। इस सत्र में अब तक पूरे जिले में 236 प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिले ने जल शक्ति विभाग के माध्यम से हर घर तक पाइप से पीने का पानी पहुंचाने का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। हालांकि, कम बारिश के कारण जिले के ज़्यादातर इलाकों में पानी की कमी का खतरा बना हुआ है। इसलिए, पारंपरिक कुओं, तालाबों, बावड़ियां,‘खत्री' और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण और जीर्णोद्धार बहुत ज़रूरी है।
उपायुक्त ने कहा कि मॉनसून के मौसम में इन प्राकृतिक जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा रहता है, जिससे लोगों को पानी से होने वाली बीमारियां हो सकती हैं। इसे देखते हुए, पूरे जिले में पारंपरिक प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई का एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने इस सिलसिले में जिले के कई इलाकों का दौरा किया और सभी ग्राम पंचायतों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, अन्य सामाजिक संगठनों और जिले के सभी निवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने इलाकों में प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई करें।

