कैबिनेट मंत्री प्रकाश चौधरी के बाद अब इस पूर्व मंत्री ने किया बड़ा ऐलान, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Thursday, Aug 31, 2017 - 07:32 PM (IST)

कुल्लू: कैबिनेट मंत्री प्रकाश चौधरी के बाद पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने भी चुनाव लडऩे से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे तो मैं भी चुनाव नहीं लड़ूंगा। विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए आवेदन नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में यदि कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ती है तो कांग्रेस पार्टी 50 प्लस सीटें जीत सकती है और कांग्रेस सरकार रिपीट होगी। मैं तभी चुनाव लड़ूंगा अगर चुनाव वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में होंगे और वह भी चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का ऐसा कोई इलाका नहीं है जहां वीरभद्र न गए हों। मजदूर हो किसान-बागवान हो, सरकारी कर्मचारी हो या कोई अन्य वर्ग, मुख्यमंत्री ने हर वर्ग का ख्याल रखते हुए कार्य किया है और इन्हीं कार्यों व उपलब्धियों को लेकर जनता उन्हें समर्थन देगी। वह एक कुशल प्रशासक रहे हैं। अग्रणी राज्यों की तुलना में उनके नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश बहुत आगे बढ़ा है। 

मुख्यमंत्री का चरित्र हनन करने का किया प्रयास
विपक्ष हो या केंद्र में बैठी सरकार हो दोनों ने मुख्यमंत्री का चरित्र हनन करने का प्रयास किया है लेकिन मुख्यमंत्री ने जहां विपक्ष का सामना किया, वहीं दोगुना ताकत से प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश में बैठी विपक्ष को बब्बर शेर दिखाई देते हैं और उनके सामने आते ही विपक्ष के हाथ-पांव फूल जाते हैं। जिस बहादुरी से मुख्यमंत्री ने विपक्ष व केंद्रीय नेताओं का सामना किया है, प्रदेश की जनता भी उनसे संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम है आलोचना करना लेकिन यहां हमारे अपने ही दल के कुछ नेता आलोचना कर रहे हैं जोकि कांग्रेस हितैषी नहीं हैं और न ही वे कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। ऐसे लोग मात्र कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुल्लू विधानसभा से मैं तभी चुनाव लड़ूंगा जब मुख्यमंत्री भी चुनाव लड़ेंगे। 

कुल्लू विधानसभा से इसलिए लडऩा चाहते हैं चुनाव
उन्होंने कहा कि वह इसलिए कुल्लू विधानसभा से चुनाव लडऩा चाहते हैं कि उनके पास कुल्लू के लिए एक विजन है। कुल्लू को पर्यटन का हब बनाकर पर्यटन को बढ़ावा देना चाहते हैं। लगघाटी, दियार, खराहल, शांघड़, पार्वती घाटी व ग्रेट हिमालयन नैशनल पार्क जैसे अनेक पर्यटन स्थलों को विकसित किया जाएगा। मनाली ही क्यों पर्यटक रुके वे अन्य स्थानों पर भी घूमें, जिससे पर्यटक घाटी की सुंदरता से रू-ब-रू हो सके। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News