''राजनीतिक गंभीरता छोड़ हास्य का पात्र बन रहे CM सुक्खू'', 10 गारंटियों को लेकर BJP नेता विश्व चक्षु का तीखा हमला
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 07:50 PM (IST)
धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी और पूर्व मुख्यमंत्री के मीडिया को-ऑर्डिनेटर रहे एडवोकेट विश्व चक्षु ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर राजनीतिक गंभीरता छोड़ने और हास्य का पात्र बनने का गंभीर आरोप लगाया है। विश्व चक्षु ने कहा कि प्रदेश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को हमेशा अपनी गरिमा का ध्यान रखना चाहिए, लेकिन इसके विपरीत मुख्यमंत्री लगातार हल्की राजनीति, व्यक्तिगत टिप्पणियों और सिर्फ विपक्ष पर कटाक्ष करने में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत दी कि वे जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करें और अपनी ऊर्जा राजनीतिक बयानबाजी की बजाय राज्य के विकास कार्यों में लगाएं।
गंभीर संकटों से जूझ रहा प्रदेश, सरकार का ध्यान सिर्फ विपक्ष पर
भाजपा नेता ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज हिमाचल प्रदेश कई मोर्चों पर संघर्ष कर रहा है। प्रदेश भयानक वित्तीय संकट, बदहाल सड़क व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों और बढ़ती बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन इन समस्याओं को सुलझाने की बजाय सरकार का पूरा ध्यान केवल विपक्ष पर हमले करने में लगा हुआ है।
मंचों पर मनोरंजन न करें, 10 गारंटियां पूरी करें
कांग्रेस की चुनावी घोषणाओं की याद दिलाते हुए विश्व चक्षु ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने जनता से 10 बड़ी गारंटियां देने का वायदा किया था, जिनका आज भी इंतजार है। महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार, किसानों-बागवानों के हितों और कर्मचारियों से जुड़े अनेक वायदों पर अभी तक कोई संतोषजनक प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री को प्रदेश के विकास के लिए चुना है, राजनीतिक मंचों पर मनोरंजन करने के लिए नहीं।
कोरी घोषणाएं नहीं, अब धरातल पर परिणाम चाहती है जनता
विश्व चक्षु ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री इसी तरह व्यक्तिगत टिप्पणियों और हल्की राजनीतिक भाषा का सहारा लेते रहे, तो प्रदेश की जनता आने वाले समय में इसका करारा जवाब जरूर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री से यह अपेक्षा करती है कि वे राजनीतिक कटाक्ष और बयानबाजी छोड़कर प्रदेश के विकास, आर्थिक सुधार, युवाओं के भविष्य और अपनी 10 गारंटियों को पूरा करने की दिशा में गंभीरता से काम करें। हिमाचल की जनता अब आरोप-प्रत्यारोप और घोषणाओं से आगे बढ़कर धरातल पर परिणाम देखना चाहती है।

