Kangra: बाइक की सीट के नीचे मिला ​10 लाख का चिट्टा, पंजाब के 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 04:34 PM (IST)

इंदौरा/डमटाल, (अजीज/सिमरन): पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नैटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 154 ग्राम हैरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस की सीआईए टीम द्वारा पुलिस उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत थाना डमटाल क्षेत्र में की गई। एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि सीआईए नूरपुर की टीम कंडवाल, लोधवां, भदरोया और डमटाल क्षेत्रों में गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि 2 युवक मोटरसाइकिल पर नशे की बड़ी खेप लेकर हिलटॉप दुर्गा माता मंदिर डमटाल के पास किसी को सप्लाई करने की फिराक में खड़े हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी और संदिग्ध मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया 154 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में पारस (25) निवासी गीता भवन, इस्लामाबाद जिला गुरदासपुर (पंजाब) और विजय कुमार (28) निवासी गांव वाहमणी, डाकघर बहरामपुर जिला गुरदासपुर (पंजाब) के खिलाफ थाना डमटाल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अब बरामद नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है। नशे के बाजार में पकड़ी गई हैरोइन की कीमत 10 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। एसपी नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना हैल्पलाइन नंबर 112 पर दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News