Kangra News: पूर्व CM वीरभद्र सिंह की जयंती पर हेरिटेज विलेज प्रागपुर में लगा रक्तदान शिविर, 74 यूनिट रक्त जुटाया

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 05:05 PM (IST)

गरली (सन्नी): हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की 93वीं जयंती को जिला कांगड़ा के हेरिटेज विलेज प्रागपुर में पूरी श्रद्धा और जनसेवा के भाव के साथ मनाया गया। जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में मंगलवार को राजा वीरभद्र सिंह फाऊंडेशन प्रागपुर के सौजन्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय लोगों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर का आगाज एक प्रेरणादायक शपथ (एक बूंद रक्त, कई जिंदगी की उम्मीद) के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक मनोज शर्मा (सन्नी) ने इस अवसर पर कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जीवनभर जनसेवा के प्रतीक रहे। आज उनकी जयंती पर रक्तदान करके हम सभी उनके दिखाए हुए सेवा के मार्ग पर चलने का दृढ़ संकल्प ले रहे हैं।

रक्तदान प्रक्रिया को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए दान करने से पहले सभी रक्तदाताओं का विधिवत मेडिकल चेकअप किया गया। इस पुण्य कार्य में टांडा मेडिकल कॉलेज से आई स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने अपना अहम सहयोग दिया। डॉ. भानु के नेतृत्व में टैक्नीशियन अंकुर और प्रिंस, लैब सहायक बलबीर तथा सपोर्टिंग स्टाफ परवीन व निखिल ने अपनी बेहतरीन सेवाएं दीं। इस दौरान डॉक्टरों ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि रक्तदान करने से शरीर को कोई नुक्सान नहीं होता, बल्कि इसके विपरीत शरीर में तेजी से नया और स्वस्थ रक्त बनता है। शिविर में कुल 74 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक एकत्रित किया गया।

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं को उनकी इस नि:स्वार्थ सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसमें आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों की टीम और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में प्रागपुर के युवाओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की भूमिका बेहद सराहनीय रही।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News