स्व. रणजीत बख्शी की 85वीं जयंती पर जनसेवा कार्यक्रम, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष नियुक्त; 10 विद्यार्थियों को ₹50 हजार की छात्रवृत्ति प्रदान
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 11:55 AM (IST)
Kangra News : जसूर में आज स्वर्गीय रणजीत बख्शी के 85वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उनके निवास स्थान पर एक विशेष जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा के अध्यक्ष अकिल बख्शी ने समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का संचालन किया।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जसूर के 10 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनकी शिक्षा के लिए ₹5,000 प्रति छात्र के हिसाब से कुल ₹50,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 5 चिकित्सा सहायता मामलों तथा 5 शैक्षणिक सहायता मामलों में भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। विभिन्न जनकल्याण कार्यों पर लगभग ₹2 लाख की राशि व्यय की गई। इस अवसर पर यदुनंदिनी बख्शी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभा के अध्यक्ष अकिल बख्शी ने कहा कि स्वर्गीय रणजीत बख्शी द्वारा समाज कल्याण एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्य हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी स्मृति में इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे तथा उनकी समाजसेवा की मुहिम को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक वर्गों के लिए निम्नलिखित मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्ति भी की गई।
- अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष – इमरान खान
- राजपूत मोर्चा अध्यक्ष – बलविंदर सिंह
- अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा अध्यक्ष – परवीन कुमार
- अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा अध्यक्ष – कमल कुमार
- ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष – सुरेंद्र कुमार
- ब्राह्मण मोर्चा अध्यक्ष – अरविंद शर्मा
- महिला मोर्चा अध्यक्ष – शिवानी बख्शी
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों के लिए पारंपरिक धाम का आयोजन भी किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर स्वर्गीय रणजीत बख्शी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

