डीडी हिमाचल पर लाइव प्रसारित होगी हिमाचल के शक्तिपीठों की आरती : अनुराग

punjabkesari.in Thursday, Feb 16, 2023 - 05:05 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि डीडी हिमाचल के माध्यम से प्रदेश में स्थापित शक्तिपीठों (माता बज्रेश्वरी, ज्वालामुखी, चामुंडा और नयनादेवी) की आरती का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा दूरदर्शन के प्रसिद्ध कार्यक्रम चित्रहार की तर्ज पर हिमाचली लोक संगीत पर आधारित कार्यक्रम को प्रसारित किया जाए। अनुराग ठाकुर यहां डीडी हिमाचल की प्रसारण सेवाएं 24 घंटे शुरू करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डीडी हिमाचल को डीटीएच पर भी दिखाया जाएगा। देश के किसी भी कोने में बैठा व्यक्ति इन कार्यक्रमों का आनंद ले सकता है। 

प्रदेश में पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा 
अनुराग ने कहा कि यह हिमाचल के लिए ऐतिहासिक दिन है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार राज्य में दूरदर्शन चैनल का 24 घंटे प्रसारण शुरू हो रहा है। इसमें आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं ताकि प्रसारण में किसी तरह का व्यवधान न आए। इसके माध्यम से प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य, पर्यटन व धार्मिक स्थलों, खेल गतिविधियों तथा विभिन्न उपलब्धियों से संबंधित जानकारी देश और दुनिया तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इस चैनल के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इसके लिए राज्य के पर्यटन विभाग के साथ मिलकर काम किया जाएगा। 

वीर सैनिकों के शौर्य की गाथाएं व 2 समाचार बुलेटिन प्रस्तुत होंगे
अनुराग ठाकुर ने कहा कि चैनल के माध्यम से देश की आजादी में भूमिका निभाने वाले देवभूमि के स्वतंत्रता सेनानियों तथा सेना में सेवाएं देने वाले वीर सैनिकों के साहस की शौर्य गाथाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। उन्होंने कहा कि डीडी हिमाचल पर आधे-आधे घंटे के 3 समाचार बुलेटिन प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश में होने वाली विभिन्न गतिविधियों का इवैंट के रूप में लाइव प्रसारण किया जाएगा तथा हिमाचल प्रदेश से जुड़ी सभी जानकारियां डीडी हिमाचल पर उपलब्ध होंगी।

विधानसभा से लेकर खेत-खलिहान, खेल व पर्यटन की मिलेगी जानकारी 
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि चैनल पर विधानसभा से लेकर खेत-खलिहान और खेल जगत की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों की जानकारी भी दी जानी चाहिए, ताकि यहां आने वाले लोगों को इसकी जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल के गांव की कहानी तथा साहित्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी इसके माध्यम से दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा कलम से लेकर गुलेर पेंटिंग व चम्बा रुमाल प्रसिद्ध हैं। इसी तरह हिमाचली शॉल व टोपी के अलावा अन्य उत्पादों के लिए चैनल बेहतर मंच साबित होगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News