हिमाचल जाना अब होगा महंगा: सुक्खू सरकार ने एंट्री टैक्स में किया भारी इजाफा, देखें नई रेट लिस्ट

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 04:37 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में पर्यटन और व्यापार के उद्देश्य से आने वाले बाहरी राज्यों के चालकों के लिए एक बड़ा बदलाव हुआ है। प्रदेश के मौजूदा आर्थिक संकट से उबरने और राजस्व में वृद्धि करने के लिए सुक्खू सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई बैरियर नीति को अधिसूचित कर दिया है। यह नई दरें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होंगी।

टैक्स दरों में प्रमुख बदलाव

सरकार ने एंट्री टैक्स (प्रवेश शुल्क) में भारी बढ़ोतरी की है, जो कुछ श्रेणियों में लगभग दोगुनी हो गई है। निजी कार एवं छोटे वाहन: पंजाब, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों से आने वाले पर्यटकों को अब 70 रुपये के बजाय 170 रुपये देने होंगे।

सवारी वाहन (12+1 क्षमता): इनका शुल्क भी 110 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये कर दिया गया है।

भारी वाहन (Heavy Vehicles): भारी मालवाहक वाहनों के लिए टैक्स 720 रुपये से बढ़ाकर 900 रुपये कर दिया गया है।

निर्माण मशीनरी: जेसीबी और अन्य निर्माण वाहनों पर अब 570 रुपये की जगह 800 रुपये शुल्क लगेगा।

ट्रैक्टर: ट्रैक्टरों का प्रवेश शुल्क 70 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये किया गया है।

नोट: डबल एक्सल बस और ट्रकों के लिए शुल्क 570 रुपये पर स्थिर रखा गया है, इसमें कोई बदलाव नहीं है। साथ ही, हिमाचल के स्थानीय वाहनों को इस टैक्स से छूट मिलती रहेगी।

आधुनिकीकरण और प्रबंधन

प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए अब इन बैरियर्स पर फास्टटैग (FASTag) की सुविधा शुरू की जाएगी। राज्य के प्रमुख प्रवेश द्वारों जैसे परवाणू, मैहतपुर, कंडवाल, गरामोड़ा और बद्दी में नई दरें लागू करने और बैरियर्स की नीलामी के लिए जिला कलेक्टरों (DC) की अध्यक्षता में विशेष समितियां गठित की गई हैं।

यह निर्णय राज्य की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि इससे हिमाचल आने वाले सैलानियों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News