Shimla: दिल्ली में तय होगी हिमाचल की सियासी दिशा, मुख्यमंत्री सुक्खू हाईकमान के साथ करेंगे अहम मंथन

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 10:53 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को दिल्ली दौरे पर जाएंगे। यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टियों से बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री का यह दिल्ली प्रवास ऐसे समय हो रहा है, जब प्रदेश गंभीर वित्तीय चुनौतियों से जूझ रहा है और कांग्रेस संगठन स्तर पर भी अहम फैसलों की तैयारी में है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे शिमला स्थित ओक ओवर से अन्नाडेल हैलीपैड पहुंचेंगे और वहां से हैलीकॉप्टर के माध्यम से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित संगठनात्मक बैठक में भाग लेंगे। इस बैठक में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ प्रदेश और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार इस बैठक में मुख्यमंत्री सुक्खू केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) को बंद किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाएंगे। आर.डी.जी. बंद होने के बाद प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर गहरा असर पड़ा है। राज्य सरकार को वेतन, पैंशन, विकास कार्यों और अन्य अनिवार्य खर्चों के लिए अतिरिक्त दबाव का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री इस विषय पर पार्टी हाईकमान को स्थिति से अवगत करवाते हुए आगे की राजनीतिक और रणनीतिक कार्रवाई को लेकर चर्चा करेंगे।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री हाईकमान के समक्ष यह भी रखेंगे कि पहाड़ी और विशेष भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य के लिए आर.डी.जी. जैसे अनुदान कितने जरूरी हैं। साथ ही यह मुद्दा भी उठाया जा सकता है कि केंद्र द्वारा इस तरह की सहायता समाप्त किए जाने से राज्य की विकास गति प्रभावित हो रही है। दिल्ली बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर भी व्यापक मंथन होने की संभावना है। कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान, जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा एजैंडे में शामिल है। मुख्यमंत्री सुक्खू पार्टी नेतृत्व के साथ यह सांझा कर सकते हैं कि प्रदेश में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय कैसे स्थापित किया जाए।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल के बीच अलग से बैठक हो सकती है, जिसमें प्रदेश संगठन के ढांचे को अंतिम रूप देने पर चर्चा होगी। सूत्रों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल औपचारिक नहीं, बल्कि आने वाले समय की राजनीतिक दिशा तय करने वाला हो सकता है। मुख्यमंत्री सुक्खू का यह दिल्ली दौरा हिमाचल प्रदेश के हितों, कांग्रेस संगठन की दिशा और आने वाले राजनीतिक फैसलों के लिहाज से निर्णायक साबित हो सकता है। बैठक के बाद राज्य की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News