Kangra: काठगढ़ महादेव की आरती होगी लाइव, मंदिर परिसर में 10 लाख से लगेंगी हाई-मास्ट लाइटें
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 07:49 PM (IST)
इंदौरा (अजीज): ऐतिहासिक शिव मंदिर काठगढ़ में आयोजित 3 दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन शिव-भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर हिप्र पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि विधायक मलेंद्र राजन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशेष मुख्यातिथि ने प्राचीन काठगढ़ महादेव के पावन धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष द्वारा मुख्यातिथि, विशेषातिथि सहित अन्य गण्यमान्य अतिथियों को पारंपरिक पगड़ी एवं हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया। आरएस बाली ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पर्व हमारी सनातन संस्कृति, श्रद्धा और आस्था के प्रतीक हैं, जो समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। आरएस बाली ने कहा कि श्रद्धालुओं की भावनाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए काठगढ़ महादेव की आरती को लाइव प्रसारण से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने पर्यटन विभाग के निदेशक को 3 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत उन्होंने लोक निर्माण विभाग को ड्राइंग तैयार करने तथा राजस्व विभाग को मार्च से पूर्व भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी बजट में इसके निर्माण हेतु धन का प्रावधान किया जा सके। विधायक मलेंद्र राजन के आग्रह पर आरएस बाली ने काठगढ़ महादेव की दिव्य छवियों को हिमाचल पर्यटन विभाग के 10 होटलों में प्रदर्शित करने के निर्देश जारी करने की घोषणा की, जिससे प्रदेश भर में इस पावन धाम की महिमा और अधिक प्रसारित हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने अपने स्वर्गीय माता-पिता की स्मृति में मंदिर सुधार सभा को अन्य विकास एवं धार्मिक कार्यों के लिए एक लाख रुपए की राशि प्रदान की। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए लगभग 10 लाख रुपए की लागत से हाई-मास्ट लाइट स्थापित करने की भी घोषणा की। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने भी सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कांगड़ा जिला को पर्यटन राजधानी घोषित किया गया है और इसके तहत काठगढ़ महादेव, क्यालु महाराज मंदिर गंगथ एवं राम मंदिर डमटाल जैसे धार्मिक स्थलों को भी विकसित कर इन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने के प्रयास किए जाएंगे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर महंत कालिदास, काठगढ़ मंदिर सुधार सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच, महंत नितिन कुमार, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण पठानिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देविंदर मंकोटिया, कांग्रेस डिस्ट्रिक्ट यूथ प्रैजीडैंट विकु भारद्वाज, संजू, अभय सैनी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता कटोच, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष वजिंदर पठानिया, पूर्व प्रधान जर्म सिंह ठाकुर, मास्टर कमल किशोर, एएसपी धर्मचंद वर्मा, एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर, डीएसपी संजीव कुमार, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, एक्सियन पी.डब्ल्यू.डी. दीपक महाजन, एक्सियन इलैक्ट्रिसिटी संदीप सन्याल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

