हिमाचल में कर्फ्यू-लॉकडाऊन की अवहेलना पर 40 केस दर्ज, 54 लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2020 - 09:51 PM (IST)

शिमला (ब्यूराे): हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए गए कर्फ्यू और लॉकडाऊन का उल्लंघन करने पर वीरवार को पुलिस विभाग ने 40 केस दर्ज करते हुए 54 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रदेश में कर्फ्यू और लॉकडाऊन उल्लंघन के सबसे अधिक 12 मामले जिला शिमला में दर्ज हुए, जिसमें 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रदेश सरकार ने लोगों की सुरक्षा के लिए कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए समूचे राज्य में कर्फ्यू लगाया हुआ है लेकिन सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने वालों व प्रदेशवासियों की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों की राज्य में भी कमी नहीं है।

बिना अनुमति व बिना काम के बाहर निकल रहे लोग

सरकार के बार-बार आग्रह करने के बावजूद कई लोग अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। हालांकि जिला स्तर पर कफ्र्यू के दौरान घरों से बाहर निकलने के लिए समय-समय पर ढील दी जा रही है, बावजूद इसके कई लोग बिना अनुमति व बिना काम के बाहर निकल रहे हैं, ऐसे में नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कड़े कदम उठाते हुए वीरवार को 54 लोगों को गिरफ्तार किया।

बिलासपुर में 6 केस दर्ज, 20 गिरफ्तार

जिला पुलिस बद्दी के तहत 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जिला बिलासपुर में नियमों की उल्लंघना पर पुलिस ने 6 केस दर्ज करते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसी तरह जिला चम्बा में 2 केसों के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जिला हमीरपुर में 1 केस दर्ज हुआ। जिला कांगड़ा में 1 केस और 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिला किन्नौर में 1 केस दर्ज करते हुए 3 लोगों को अरैस्ट किया गया। इसी तरह जिला कुल्लू में एक केस दर्ज हुआ और एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

सिरमौर में 7 केस, 10 लोग गिरफ्तार

जिला मंडी के तहत पुलिस ने 3 केस दर्ज किए हैं और 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जिला सिरमौर में 7 केसों में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिला सोलन में 2 केस और जिला ऊना में 4 केस दर्ज किए गए हैं। बता दें कि बीते 2 दिनों के तहत भी पुलिस ने 93 केस दर्ज किए थे, ऐसे में 3 दिन के दौरान 133 केस प्रदेश भर में दर्ज हुए हैं। जिला लाहौल-स्पीति में एक भी केस सामने नहीं आया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News