Shimla: कोटखाई में चिट्टे की खेप के साथ 28 वर्षीय युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 02:45 PM (IST)
रोहड़ू/कोटखाई (बशनाट): हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की डिटैक्शन सैल टीम ने कोटखाई क्षेत्र में एक कार्रवाई करते हुए एक युवक को करीब 9 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को डिटैक्शन सैल टीम कोटखाई-पुड़ग सड़क मार्ग पर रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान मघाली मोड़ के पास पुलिस टीम को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने शक के आधार पर जब युवक को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली तो उसके कब्जे से 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय गौरव ठाकुर निवासी जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कोटखाई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह चिट्टे की यह खेप कहां से लाया था और इस क्षेत्र में किसे सप्लाई करने की फिराक में था। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

