Chamba: सैर पर निकले 88 वर्षीय बुजुर्ग का अचानक फिसला पैर, रावी नदी में गिरने से मौत

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 09:23 PM (IST)

चम्बा (काकू): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पठानकोट-चम्बा-भरमौर नैशनल हाईवे पर सैर करने निकले एक वयोवृद्ध (बुजुर्ग) का अचानक पांव फिसल गया, जिससे वह ढांक से लुढ़कते हुए सीधे रावी नदी में जा गिरे। इस हादसे में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।

मृतक बुजुर्ग की पहचान माधो राम (88) पुत्र गोपाला निवासी गांव जौवा, डाकघर गैहरा, तहसील धरवाला व जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार माधो राम रोजाना की तरह अपने घर से सैर के लिए निकले थे। इसी बीच रास्ते में अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पांव फिसलने के कारण वह अनियंत्रित होकर गहरी ढांक से नीचे रावी नदी में जा गिरे।

जब काफी समय बीत जाने के बाद भी माधो राम सैर से वापस घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता सताने लगी। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने तुरंत उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब परिजन छौआ नामक स्थान के समीप पहुंचे तो उन्होंने बुजुर्ग को रावी नदी के किनारे अचेत अवस्था में पड़ा हुआ पाया। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और आरंभिक जांच व परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना के विस्तृत कारणों की जांच कर रही है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News