Mandi: गुप्त सूचना पर खाकी का बड़ा एक्शन, करसोग में पकड़ा अवैध शराब का जखीरा
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 03:49 PM (IST)
करसोग (धर्मवीर गौतम): मंडी जिला के करसोग उपमंडल में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपना लिया है। पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए नांज (पुराना) क्षेत्र से अवैध शराब की 22 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस की इस अचानक हुई रेड से इलाके के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार करसोग पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि नांज क्षेत्र में अवैध शराब का बड़ा जखीरा रखा गया है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत एक रणनीति बनाई और मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को एक शैड में रखी भारी मात्रा में (22 पेटियां) अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत शराब को मौके पर ही सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
इस मामले में पुलिस ने हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि अवैध शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किसे होनी थी और इस पूरे सिंडिकेट के पीछे किन लोगों का हाथ है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह त्वरित कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब या किसी भी तरह के नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की इस मुस्तैदी और कड़ी कार्रवाई से जहां अवैध कारोबारियों में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय जनता ने पुलिस के इस कदम की भरपूर सराहना की है।

