सोलन के इस प्राचीन मंदिर में घुसे चोर, खाली कर दिया दानपात्र...CCTV में कैद हुई वारदात

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 03:34 PM (IST)

कुनिहार (चंद्र प्रकाश): जिला सोलन के कुनिहार क्षेत्र में अब धार्मिक स्थल भी शातिर चोरों के निशाने पर आने लगे हैं। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने क्षेत्र के ऐतिहासिक और पुरातन कुर्गन देव स्थल (कोठी) में सेंधमारी करते हुए मंदिर के दानपात्र से हजारों रुपए की नकदी चुरा ली। हालांकि, शातिरों की यह पूरी करतूत मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर अब पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

पुरातन कुर्गन देव स्थल कोठी की प्रबंधन कमेटी के प्रधान ललित मोहन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार को जब मंदिर परिसर का जायजा लिया गया, तो दानपात्र टूटा हुआ पाया गया। अज्ञात चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी गई श्रद्धालुओं की भेंट राशि पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर कमेटी के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दानपात्र से लगभग 8 से 10 हजार रुपए की नकदी चोरी हुई है। मंदिर की सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनमें चोरों की यह हरकत स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई है। घटना का पता चलते ही मंदिर प्रबंधन कमेटी ने तुरंत कुनिहार पुलिस को इसकी सूचना दी और औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।

मंदिर कमेटी के प्रधान ललित मोहन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द इन अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक स्थलों पर बढ़ती चोरी की घटनाएं चिंता का विषय हैं, इसलिए पुलिस गश्त बढ़ाकर ऐसे स्थलों की सुरक्षा की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर लगाम लग सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News