Himachal: सोलन में चिट्टे के साथ शिमला का युवक गिरफ्तार, तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 01:41 PM (IST)
सोलन (अमित): हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते जाल को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में सोलन जिला पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) को एक अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरैंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को 6.82 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न केवल नशीला पदार्थ बरामद किया है, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की एसआईयू टीम को इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर एक गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तुरंत एक विशेष नाका लगाया। नाकाबंदी के दौरान वाहनों की चैकिंग की जा रही थी, तभी एक कार को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस टीम ने गाड़ी और उसमें सवार युवक की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 6.82 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
नशीले पदार्थ के साथ रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी की पहचान 30 वर्षीय तरुण शर्मा के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से शिमला जिले के कोटखाई गांव एवं डाकघर का रहने वाला है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और ड्रग्स परिवहन में इस्तेमाल की गई किया कार को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।
एसपी साईं दत्तात्रेय वर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। अब पुलिस का मुख्य फोकस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज तलाशने पर है यानी आरोपी यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाया था और सोलन में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही, आरोपी तरुण शर्मा के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि वह किसी बड़े ड्रग नैटवर्क का हिस्सा तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

