Shimla: चंडीगढ़ से रोहड़ू जा रही बस से चिट्टे की खेप बरामद, पंजाब के 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 05:44 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के प्रवेश द्वार शोघी में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने चंडीगढ़ से रोहड़ू जा रही एक बस में सवार पंजाब के दो युवकों को 10.74 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को बालूगंज पुलिस थाना के अंतर्गत शोघी पुलिस चौकी की टीम क्षेत्र में गश्त और वाहनों की नियमित चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान चंडीगढ़ की ओर से आकर रोहड़ू की तरफ जा रही एक बस को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका गया। तलाशी अभियान के दौरान बस में सवार दो यात्रियों की संदिग्ध गतिविधियों को भांपते हुए जब उनके सामान की गहनता से जांच की गई, तो उनके पास से 10.74 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पंजाब के लुधियाना जिले से ताल्लुक रखते हैं। आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय नितीश पुत्र शशि निवासी बस्ती जोधेवाल (समराला चौक के समीप), लुधियाना तथा 19 वर्षीय यश टांडा पुत्र सोहन लाल टांडा निवासी घुमन एन्क्लेव मेहरबान, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। प्राथमिक दृष्टि से दोनों युवक नशे की इस खेप को ऊपरी शिमला क्षेत्र में खपाने के इरादे से ले जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बालूगंज में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग पंजीकृत कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों आरोपियों से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नशे की यह खेप पंजाब में कहां से खरीदी गई थी और रोहड़ू में इसके मुख्य खरीदार और सप्लायर कौन थे। पुलिस इस पूरे अंतराज्यीय तस्करी नैटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News