शिमला के फागू में कार से चिट्टा बरामद, 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 03:56 PM (IST)
शिमला (संतोष): शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना ठियोग की डिटैक्शन सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फागू कंट्रोल रूम के समीप एक कार से 9.12 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिटैक्शन सेल ठियोग को एक गुप्त सूचना मिली थी कि फागू कंट्रोल रूम के पास एक लाल रंग की कार (एचपी 09सी-9903) खड़ी है। सूचना में बताया गया था कि वाहन में सवार लोग संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं और संभवतः चिट्टे का सेवन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और वाहन को घेर कर उसकी तलाशी ली।
गाड़ी की सघन तलाशी के दौरान पुलिस को अंदर बैठे दोनों युवकों के पास से 9.12 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान 27 वर्षीय सचिन वर्मा पुत्र तारा चंद और 26 वर्षीय निखिल ठाकुर पुत्र रोशन लाल के रूप में बताई। दोनों आरोपी गांव गुठान, डाकघर कलिंद, तहसील ठियोग व जिला शिमला के निवासी हैं। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएसअधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों को अब नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस पूरे मामले की आगामी जांच और बैकवर्ड लिंकेज की गहन छानबीन पुलिस चौकी फागू के प्रभारी द्वारा की जा रही है। शिमला पुलिस ने चेतावनी जारी की है कि जिले में नशे के सौदागरों और इसका सेवन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस का यह नशामुक्त अभियान आगामी दिनों में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

