Kangra: CIA टीम ने 1.345 किलोग्राम चरस के साथ धरे 2 युवक, कार में इस तरह छिपा रखी थी खेप
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 05:16 PM (IST)
नूरपुर (राकेश): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने हरड़ पुल के समीप एक कार से 1.345 किलोग्राम चरस की खेप बरामद की है। इस भारी मात्रा में पकड़े गए नशे के साथ पुलिस ने दो युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को यह सफलता एक गुप्त सूचना के आधार पर मिली। जानकारी के अनुसार पुलिस को क्षेत्र में कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधियों की भनक लगी थी। इस पुख्ता सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए सीआईए की टीम ने हरड़ पुल के पास नाकाबंदी कर कड़ी निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध ऑल्टो कार पर पुलिस की नजर पड़ी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत स्वतंत्र गवाहों को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में कार की सघन तलाशी ली।
इस दारौन चालक की सीट के नीचे बड़ी ही सफाई से छिपाया गया एक काले रंग का प्लास्टिक का लिफाफा मिला। इसे खोलने पर उसमें से 1.345 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से ही चरस और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान जिला कांगड़ा के अश्वनी कुमार निवासी भाली और सुनील राणा उर्फ ईशु निवासी सहवां के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस ने तस्करों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। नूरपुर पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सख्त धाराओं 20 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि इतनी बड़ी मात्रा में यह चरस कहां से लाई गई थी और इसके तार किन बड़े तस्करों से जुड़े हैं। मामले की आगामी और गहन जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

