हिमाचल की बेटी का पंजाब में डंका: ऊना की अमित सुमन ने M.Tech में किया टॉप, जीता गोल्ड मैडल

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 12:58 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना की बेटी ने अपनी मेहनत और मेधावी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पड़ोसी राज्य पंजाब में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। ऊना शहर के वार्ड नंबर-4 की निवासी अमित सुमन ने सिविल इंजीनियरिंग (एमटैक) में पूरे पंजाब में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मैडल (स्वर्ण पदक) अपने नाम किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे ऊना जिले और प्रदेश का नाम भी रोशन हुआ है।

जियोटैक्निकल इंजीनियरिंग में हासिल की उपलब्धि
अमित सुमन के शैक्षणिक सफर की बात करें तो उन्होंने अपनी बीटैक की पढ़ाई शहीद भगत सिंह स्टेट टैक्निकल यूनिवर्सिटी, फिरोजपुर से पूरी की थी। इसके उपरांत, उन्होंने आईके गुजराल पंजाब टैक्निकल यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग विभाग के तहत जियोटैक्निकल इंजीनियरिंग विषय में एमटैक किया। अपनी एमटैक की पढ़ाई के दौरान उन्होंने शुरू से ही शानदार प्रदर्शन किया और अंततः विश्वविद्यालय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया।

गुरुजनों और परिवार को दिया सफलता का श्रेय
अपनी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए अमित सुमन ने इसका पूरा श्रेय अपने गुरुजनों और परिवार को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से अपने गाइड डॉ. राजीव चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान डॉ. चौहान ने उन्हें हर स्तर पर सहयोग दिया और लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार प्रेरित किया।

पति और सास-ससुर का मिला भरपूर साथ
अमित सुमन ने अपनी इस उपलब्धि के पीछे अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने ससुराल पक्ष के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने सास-ससुर और पति विशाल भाटिया को देते हुए कहा कि परिवार के अटूट विश्वास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर कड़ी मेहनत की बदौलत ही वह आज इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News