Himachal: भरवाईं चौक पर भयानक हादसा, ट्रैफिक जाम खुलवाते समय 2 बसों की चपेट में आने से SI की गई जान

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 01:54 PM (IST)

चिंतपूर्णी (सुनील): हिमाचल प्रदेश के चिंतपूर्णी स्थित भरवाईं चौक पर यातायात सुचारू करवाते समय एक सड़क हादसे में उप-निरीक्षक (एसआई) राजेश कुमार धीमान का निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान जाम खुलवाते वक्त दो बसों के बीच फंसने से यह दुखद घटना घटी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिन आपातकालीन नंबर 112 पर भरवाईं चौक में ट्रैफिक जाम लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी थाने में तैनात एसआई राजेश कुमार धीमान तुरंत मौके पर पहुंचे। जब वह भरवाईं-ज्वाला जी मार्ग पर खड़े होकर यातायात को सुचारू कर रहे थे, तभी मुबारिकपुर (ऊना) और कांगड़ा की दिशा से आ रही दो बसें एक-दूसरे को क्रॉस करने लगीं। इसी दौरान एसआई राजेश कुमार दोनों बसों के बीच आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उन्हें वाहन के जरिए चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। हालांकि, टांडा ले जाते समय भरवाईं के समीप ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।

कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे एएसआई राजेश कुमार
53 वर्षीय दिवंगत एसआई राजेश कुमार धीमान मूल रूप से कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां के रहने वाले थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनका बेटा वर्तमान में बी.टेक कर रहा है, जबकि बेटी शोध (रिसर्च) की पढ़ाई कर रही है। स्थानीय लोगों और पुलिस विभाग के उनके सहयोगियों के अनुसार, एएसआई राजेश कुमार एक बेहद मेहनती, कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार अधिकारी थे। ड्यूटी के दौरान उनके इस तरह आकस्मिक निधन से जहां उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। वहीं चिंतपूर्णी व्यापार मंडल सहित चिंतपूर्णी के तमाम लोगों ने राजेश कुमार के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News