हिमाचल के युवाओं को बर्बाद करने की साजिश नाकाम, पुलिस ने पकड़ी नशे की खेप, पंजाब की महिला समेत 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 03:51 PM (IST)

रोहड़ू (बशनाट): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला जिले की जुब्बल थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 44.15 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्हें एक गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य के कुछ लोग जुब्बल और रोहड़ू क्षेत्र में चिट्टे की बड़ी खेप लेकर आने वाले हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे इन दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। जब पुलिस ने इनकी तलाशी ली, तो उनके पास से 44.15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह (26) पुत्र गुरमाइज सिंह, निवासी गांव डोनेमट्टर, तहसील गुरूहर्सहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब), अमनप्रीत कौर (29) पत्नी मलकीत सिंह, निवासी गांव मत्तर हियार, तहसील गुरूहर्सहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी पंजाब से यह चिट्टे की खेप विशेष रूप से जुब्बल और रोहड़ू क्षेत्र के युवाओं को बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (यानी चिट्टा कहां से खरीदा गया और किसे बेचा जाना था) का पता लगाया जा सके और नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी सलाखों के पीछे धकेला जा सके।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News