भयानक हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो गाड़ी, 2 महिलाओं समेत 3 की मौत, 2 गंभीर घायल
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 09:38 PM (IST)
रामपुर बुशहर (संतोष): शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के बालीधार नजदीक शांदल के पास शुक्रवार शाम एक भयानक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक बोलेरो कैम्पर गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई। उक्त गाड़ी में 5 लोग (3 महिलाएं और 2 पुरुष) सवार थे। हादसे में गाड़ी चालक सहित 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना बजरिया निवासी दिनेश कुमार ने थाना रामपुर को दूरभाष पर दी। सूचना मिलते ही प्रभारी थाना रामपुर टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा थे। तस्दीक करने पर एक बोलेरो कैम्पर गाड़ी (एचपी-92-3945) क्षतिग्रस्त हालत में मिली, जिसमें आग लगी हुई थी। पुलिस ने स्थानीय लाेगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद शवों व घायलों को खाई से बाहर निकाला और एम्बुलैंस व सरकारी वाहनों से खनेरी अस्पताल रामपुर भेजा।
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान गाड़ी चालक कपिल देव (41) पुत्र भगत राम निवासी गांव चिकसा, डाकघर देवठी, तहसील रामपुर, पुष्पा देवी (67) पत्नी विशेषर लाल निवासी गांव मझाली, उर्मिला देवी (40) पुत्री सोहन लाल निवासी गांव मझाली के रूप में की गई है। घायलों राकेश कुमार (39) पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव चिकसा और लीला देवी (41) निवासी गांव चिकसा शामिल हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे को कारणों की जांच शुरू कर दी है।

