Kullu News: पेड़ से गिरकर 16 वर्षीय लड़के की मौत, कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों मृत मिला जल शक्ति विभाग का फिटर

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 06:03 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से दो अलग-अलग दुखद घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में पेड़ से गिरकर एक 16 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में जल शक्ति विभाग के एक कर्मचारी का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने दोनों घटनाओं की पुष्टि की है।

पहला मामला जिले के गाहर गांव का है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय मान चन्द पुत्र ठाकर दास, निवासी गांव गाहर, डाकघर सेऊबाग, तहसील व जिला कुल्लू गाय के लिए चारा काटने के लिए एक पलम के पेड़ पर चढ़ा हुआ था। चारा काटते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पेड़ से सीधे नीचे आ गिरा। परिजनों द्वारा उसे तुरंत गंभीर अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान लड़के ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

दूसरी घटना सदर थाना कुल्लू के अधिकार क्षेत्र की है, जहां जल शक्ति विभाग में कार्यरत एक फिटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय चेत राम पुत्र स्व. त्वारसू राम निवासी कोलीबेहड़ के रूप में हुई है। बीते रोज चेत राम अपने ही कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि उसके बिस्तर पर उल्टी पाई गई है। पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों ने किसी भी तरह की कोई शंका या हत्या का शक जाहिर नहीं किया है। मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंप दिया है और सीआरपीसी के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News