कुल्लू के रांगड़ी में हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार...उड़े परखच्चे, चालक की मौत

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 03:42 PM (IST)

कुल्लू/नग्गर (संजीव): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक सड़क हादसा सामने आया है। थाना पतलीकूहल के अंतर्गत रांगड़ी क्षेत्र में एक कार के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरने के कारण 55 वर्षीय चालक की जान चली गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और घटना के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा बीते रात लगभग 9:50 बजे पेश आया। रांगड़ी के समीप एक कार (HP 35-6758) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त गई, जिसके चलते चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक के शव को खाई से निकाल कर कब्जे में लिया और पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान अमरनाथ (55) पुत्र स्व. थलिया राम के रूप में हुई है। वह गांव धमसू, डाकघर हरिपुर, तहसील मनाली व जिला कुल्लू का रहने वाला था। इस दुखद घटना के बाद मृतक के गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने थाना पतलीकूहल में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच उपनिरीक्षक गीता नंद द्वारा की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पूरी जांच होने के बाद ही हो सकेगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News