हिमाचल में सनसनीखेज वारदात, जलशक्ति विभाग के जेई की हत्या; ऑफिस से 50 मीटर दूर मिले थे घायल
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 01:21 PM (IST)
Kullu Murder News : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक सनसनीखेज मामले सामने आया है, जहां पर जलशक्ति विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (जेई) की हत्या कर दी गई। वहीं, पुलिस ने मृतक की पत्नी की हत्या की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान कुल्लू के खौला निवासी लाभ सिंह गुलेरिया के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी कांता देवी द्वारा पुलिस में दर्ज करवाई गई शिकायत के अनुसार, "उनके पति लाभ सिंह बीते शुक्रवार को रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर गए थे। देर रात करीब 11 बजे लाभ सिंह ने परिजनों को फोन कर सूचना दी कि पिरड़ी पुल के पास कोई दुर्घटना हुई है और वे जल्द ही घर पहुंच रहे हैं। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वे घर नहीं पहुंचे, तो चिंतित परिजनों ने रात में ही उनकी तलाश शुरू की। गांधीनगर स्थित रोटरी आई अस्पताल के पास उनकी स्कूटी सुरक्षित खड़ी पाई गई। जब आसपास छानबीन की गई, तो अपने कार्यालय से महज 50 मीटर दूर एक सब्जी के खोखे के पास लाभ सिंह अचेत अवस्था में पड़े मिले।
मामला दर्ज
वहीं, परिजन उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले गए। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी अत्यंत नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल एम्स बिलासपुर स्थानांतरित कर दिया, लेकिन यहां उपचार के दौरान रविवार सुबह जेई ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि कार्यालय से घर लौटते समय अज्ञात लोगों ने लाभ सिंह की बेरहमी से पिटाई की थी। वहीं, पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

