Kullu: सोनम वांगचुक को धरना स्थल से उठाए जाने के विरोध में कुल्लू में प्रदर्शन
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 05:28 PM (IST)
कुल्लू (दिलीप): दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन पर बैठे सोनम वांगचुक को जिस तरह से दिल्ली पुलिस द्वारा उठाया गया, वह लोकतंत्र के खिलाफ है। सोनम को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया जाना चाहिए। इस मुद्दे को लेकर जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर में माकपा, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, सीटू व हिमाचल किसान सभा के पदाधिकारी ने धरना-प्रदर्शन किया और डीसी के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में मांग रखी गई कि नीट यूजी में पेपर लीक व शिक्षा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों और पर्यावरण कार्यकर्त्ता सोनम वांगचुक के साथ अन्याय से देशवासी आक्रोशित हैं।
माकपा के प्रदेश सचिव भूप सिंह भंडारी ने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान काे नीट पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी एनटीए को तत्काल भंग किया जाए। इसके अलावा नीट यूजी परीक्षा की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो। भूप सिंह भंडारी ने कहा कि लद्दाख में शिक्षा सुधार व पर्यावरण की लड़ाई लड़ रहे तथा जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे देश के युवाओं को हिरासत में लेना लोकतंत्र की हत्या है।

