राष्ट्रीय आईस हॉकी कैंप के लिए चयनित काजा के 15 बच्चों ने रिंक में किया प्रदर्शन
punjabkesari.in Thursday, Dec 31, 2020 - 06:42 PM (IST)

शिमला/काजा (अम्बादत्त) : लाहौल-स्पीति के काजा में बने प्राकृतिक आईस हॉकी रिंक में प्रशिक्षित हो रहे 15 प्रतिभागियों ने गुलमर्ग रवाना होने से पूर्व वीरवार को आईस स्केटिंग रिंक में आईस हॉकी का प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने शिमला की टीम के साथ आईस हॉकी का एग्जीबिशनल मैच खेला। इस मौके पर जिलाधीश आदित्य नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। काजा के 15 बच्चों का चयन नैशनल आईस हॉकी कैंप के लिए हुआ है। जिलाधीश आदित्य नेगी ने काजा के प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया और बेहतर भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अधिक से अधिक बच्चे राष्ट्रीय टीम में चयनित हों।
गुलमर्ग में होगा नेशनल आईस हॉकी कैंप
इस मौके पर राष्ट्रीय कोच अमित बेरबाल ने कहा कि स्पीति की 8 लड़कियां और 7 लड़के राष्ट्रीय आईस हॉकी कैंप के लिए चयनित हुए हैं। यह कैंप गुलमर्ग में आयोजित होने जा रहा है, जिसमें ये खिलाड़ी भाग लेने जा रहे हैं। इससे इन बच्चों में आईस हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि हमारे कुछ बच्चे राष्ट्रीय टीम के लिए भी चयनित हों। काजा में शुरू हुए कैंप में 30 बच्चों को हमने बेसिक आईस हॉकी के लिए चयन किया था। इनमें से 15 बच्चों को गुलमर्ग में होने के वाले राष्ट्रीय आईस हॉकी कैंप में ले जाया जा रहा है। गुलमर्ग में एक जनवरी से 14 जनवरी तक कैंप होगा।
स्पीति का वातावरण विंटर स्पोर्ट्स के लिए काफी अनुकूल
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि स्पीति का वातावरण विंटर स्पोर्ट्स के लिए काफी अनुकूल है। यहां से बच्चे तैयार होकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा लें। कोच ने कहा कि मैं काजा प्रशासन का काफी आभारी हूं, जिन्होंने बच्चों को बेसिक सुविधाएं मुहैया करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। 15 प्रतिभागियों के साथ 3 शिक्षक सोनम छोडन, लोबजंग छोजंम और छविंग दोरजे भी जा रहे हैं। इस मौके पर आईस स्केटिंग क्लब शिमला के आला प्रतिनिधि विशेष तौर पर मौजूद रहे।
15 सदस्यीय प्रतिभागियों का दल
15 सदस्यीय प्रतिभागियों के दल में 8 लड़कियां और 7 लड़के शामिल हैं। इनमें कर्मा येषी खांडो उम्र 12 वर्ष, छेरिंग डोलमा 13 वर्ष, नवांग लामो 15 वर्ष, सोनम आंगमो 12 वर्ष, रिगजिन डोलमा उम्र 13, तेजिंन डोलमा, नवांग छुटिक और सोनम देचेन गर्ल श्रेणी में है जबकि सोन बांगचुक 12 वर्ष, कुंगा बांग्पो 12 वर्ष, तेजिंन योतेन, टाकपा यशे 15 वर्ष, तेजिंन जांग्वो 12 वर्ष, धोडुप ज्ञयालसन 13 वर्ष और सोनम दोरजे 12 वर्ष ब्वायज श्रेणी वर्ग में हैं।