मझीण में सूअर के हमले से 2 महिलाएं घायल

punjabkesari.in Monday, Dec 14, 2015 - 12:02 AM (IST)

नादौन: निकटवर्ती पंचायत मझीण में घायल सूअर ने 2 महिलाओं पर हमला कर घायल कर दिया है, जिस पर उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार उक्त पंचायत की 2 महिलाएं पशुचारे के लिए गांव के साथ लगते जंगल में गई थीं तब अचानक एक सूअर ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। महिलाओं ने बताया कि सूअर के हमला करने पर उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया जिससे उनकी आवाज सुनकर गांव के लोग जंगल की ओर भागे तथा उनकी जान बचाई। महिलाओं ने बताया कि सूअर के शरीर से खून टपक रहा था जिससे लगता है कि किसी शिकारी ने उस पर हमला किया था।

 

गौरतलब है कि शिकारी जंगलों में कभी कड़ाकी तो कभी बंदूक द्वारा जंगली जानवरों का शिकार करते हैं तथा कई बार जंगली जानवर शिकारियों के चंगुल से घायलावस्था में बच निकलते हैं जिस पर वह खूंखार हो जाते हैं और आम जनता के लिए खतरा बन जाते हैं। जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण उक्त पंचायत की भुक्तभोगी 2 महिलाएं हैं। लोगों ने वन विभाग से जंगलों में रूटीन निरीक्षण की मांग की है जिससे अवैध रूप से जंगली जानवरों का शिकार करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News