सत्ती बोले- किसी पार्षद को चंडीगढ़ नहीं ले गई BJP, कांग्रेस फैला रही अफवाह

punjabkesari.in Monday, Jun 19, 2017 - 12:11 PM (IST)

मंडी (नीरज शर्मा): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने उन खबरों को एक अफवाह बताया है जिसमें यह कहा जा रहा है कि भाजपा नगर निगम शिमला में चुने हुए पार्षदों को चंडीगढ़ ले गई थी। मंडी में मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में सत्ती ने कहा कि भाजपा समर्थित सभी पार्षद अपने घरों में हैं और भाजपा नेता क्यों उन्हें चंडीगढ़ लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई अपने कार्यों से चंडीगढ़ गया होगा तो अलग बात है लेकिन नेता किसी को लेकर नहीं गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वक्त पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता रथयात्राओं में व्यस्त हैं और सभी वहां पर अपनी हाजरी भर रहे हैं। 


कांग्रेस फैला रही अफवाह
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की अफवाह कांग्रेसियों द्वारा फैलाई जा रही है और वह यही काम करने में ही व्यस्त रहेंगे जबकि भाजपा के मेयर-डिप्टी मेयर सत्ता की कुर्सी पर काबिज हो जाएंगे। सत्ती ने कांग्रेसियों की तरफ से किए जा रहे उस दावे को भी शर्मनाक बताया, जिमसें कांग्रेस मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी पर कब्जा करने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सिर्फ 12 पार्षद हैं और भाजपा के पास 18 हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित जो पार्षद चुनकर आए हैं वह बिकाउ नहीं हैं और पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ पार्टी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कांग्रेसियों को अपने 12 पार्षद संभालने की सलाह दी है और कहा है कि कहीं चुनाव वाले दिन यह 12 वोट भी कांग्रेस के हाथ से फिसल न जाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News