हिमाचल: प्रत्याशियों के चयन को लेकर कांग्रेस वेट एंड वाॅच की रणनीति पर रही काम

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2024 - 11:05 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस वेट एंड वाॅच की स्ट्रैटेजी पर काम कर रही है। जिस तरह से प्रदेश में सियासी समीकरण बने हैं उसे देखते हुए पार्टी चुनावी प्रत्याशियों के चयन को लेकर जल्दबाजी में नहीं है। इसी के परिणामस्वरूप अभी तक कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव और 6 विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशियों पर मोहर नहीं लगाई है जबकि भाजपा पहले ही सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। सूचना के अनुसार कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं के साथ ही युवा चेहरों को अंदरखाते मैदान में उतारने की तैयारियों में है। इसके साथ ही दावा है कि भाजपा के कई रुष्ट नेता भी कांग्रेस के संपर्क में हैं।

भाजपा से नाराज होने वाले नेताओं पर भी पैनी नजर 
सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव को लेकर जहां कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं पर ही दांव लगाएगी वहीं विधानसभा उपचुनाव के तहत कुछ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के बागी नेताओं को भी उतारा जा सकता है। ऐसे में टिकट फाइनल करने से पहले भाजपा से नाराज होने वाले नेताओं पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। गौर हो कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव अंतिम चरण में है और उनके साथ ही विधानसभा उपचुनाव भी होने हैं। इसलिए पार्टी टिकटों के लिए जल्दबाजी की बजाय पहले सभी सियासी समीकरणों को देख रहे हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरेगी और लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर जीत हासिल करेगी।

पूर्व विधायक जगजीवन पाल व परस राम की घर वापसी
चुनाव के साथ ही कांग्रेस ने अपने कुनबे काे भी मजबूत करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बीते विधानसभा चुनाव में बगावत करने वाले सुलह से पूर्व विधायक जगजीवन पाल की पार्टी में वापसी हो गई है। इसी तरह आनी से पार्टी के नेता रहे परस राम की भी कांग्रेस में वापसी हो गई है। इस संंदर्भ में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने आदेश जारी किए हैं। इन दोनों नेताओं ने बीते विस चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News