43 विधायकों के समर्थन से चल रही सरकार आज 34 तक पहुंची : राजीव बिंदल

punjabkesari.in Tuesday, Apr 02, 2024 - 05:54 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): ठियोग विधानसभा क्षेत्र से इंदु वर्मा की भाजपा में वापसी के अवसर पर मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने भाजपा कार्यालय चक्कर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार इस समय वैंटिलेटर पर चल रही है। इसका प्रमाण यह है कि 40 कांग्रेस व 3 निर्दलीय विधायकों के समर्थन से चलने वाली सरकार आज 34 तक पहुंच गई है। राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विधानसभा की तरह अब लोकसभा चुनाव में भी जनता को झूठी गारंटियों के नाम पर ठगने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपए देने के लिए झूठे फार्म भरवाए थे, उस तरह की प्रक्रिया अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि जब सरकार गिरने का डर नहीं है तो क्यों मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्री सरकार के 5 वर्ष चलने का क्यों दावा कर रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने संस्थान बंद करके, डाॅक्टरों का एनपीए बंद करके, कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं पर झूठे मुकद्दमे दर्ज करके और प्रदेश की जनता को झूठी गारंटियां देकर धोखा किया है।

कांग्रेस में कौन कब तक टिका रहेगा पता नहीं
डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कौन कब तक टिका रहेगा किसी को पता नहीं है। इसी कारण एक-एक करके विरोधी दल के नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय भाजपा का पहला लक्ष्य लोकसभा के साथ विधानसभा के सभी उपचुनाव जीतना है। उन्होंने कहा कि जहां केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बेहतर कार्य कर रही है, वहीं कांग्रेस सरकार जनहितों की अनदेखी कर रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दे रहीं भाजपा कार्यशैली का सर्टिफिकेट
डाॅ. बिंदल ने कहा कि इस समय कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह कांग्रेस के संगठन को कमजोर बताकर भाजपा की कार्यशैली की सराहना करके उसका सर्टिफिकेट दे रहीं हैं। इसी कारण वह कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं।

सरकार के 16 महीने भाजपा को कोसते बीत गए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के 16 महीने भाजपा को कोसते हुए बीत गए हैं। पहले 3 माह सरकार खाली खजाने का रोना रोती रही और उसके 3 माह बाद सरकार प्रदेश की उस आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र लाई, जिसने अब तक 18 हजार करोड़ रुपए कर्ज ले लिया है।

आपदा में केंद्र सरकार ने दिए 1782 करोड़
डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के समय केंद्र सरकार ने 1,782 करोड़ रुपए दिए। इसके अलावा 21 हजार आवास दिए और 1000 करोड़ रुपए मनरेगा के तहत दिए। इसके अलावा फोरलेन व नेशनल हाइवे प्रोजैक्टों, बल्क ड्रग फार्मा पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे बड़े प्रोजैक्टों पर काम हो रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News