जवाली में भीषण सड़क हादसा: बाइक-ट्रक की टक्कर में युवक की मौत, साथी गंभीर
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 06:07 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पुलिस थाना जवाली के तहत आने वाले जवाली-कुठेड़ रोड पर एक भयानक सड़क हादसा होने का समाचार मिला है। यह दुर्घटना हरिया के पास हुई। खुखनाड़ा निवासी सेन कटोच अपनी बाइक (HP 54A-1765) पर अपने दोस्त रोहित कुमार को छोड़ने जा रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक के साथ बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल जवाली ले जाया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने रोहित कुमार (25) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक चालक सेन कटोच को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का बुरा हाल है।

