हिमाचल के कांगड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित कार ने सैर पर निकली महिलाओं को रौंदा, एक की मौत
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 12:37 PM (IST)
Kangra Road Accident : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक अनियंत्रित कार ने सैर पर निकलीं महिलाओं को रौंद दिया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
चंडीगढ़ की ओर से आ रही थी कार
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के थुरल बाजार की है। मृतका की पहचान कौशल सूद (50) पत्नी राजेश सूद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को कौशल सूद और अनामिका सूद घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक कार (जो पालमपुर की ओर जा रही थी) अचानक अनियंत्रित हो गई और दूसरी दिशा में जाकर पैदल चल रही महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल थुरल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) रेफर कर दिया गया। टांडा अस्पताल में इलाज के दौरान कौशल सूद ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल अनामिका सूद (48) पत्नी संजीव सूद का इलाज टांडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों के बयानों के मुताबिक, कार चालक मनीष शर्मा (निवासी पालमपुर) को वाहन चलाते समय अचानक नींद की झपकी आ गई थी। इसी कारण यह हादसा हुआ। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

