Weather Update: ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश, भीषण हीट वेव के बीच आंधी-तूफान का यैलो अलर्ट जारी
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 11:08 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम के 2 अलग-अलग रूप देखने को मिले। जहां राज्य की ऊंची चोटियों और जनजातीय क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं मध्य व मैदानी इलाकों में सूर्यदेव के तीखे तेवरों ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ऊना में शनिवार को 42.2 डिग्री सैल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया, जिसमें कांगड़ा 36.1, सुंदरनगर 36, हमीरपुर (बरठीं) में 35.9, मंडी 35.1, सोलन 33.4 डिग्री के अलावा राजधानी शिमला में भी अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री सैल्सियस अधिक है। औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.4 डिग्री के ऊपर चल रहा है।
भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों से आई। शनिवार को कल्पा में 0.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अन्य जनजातीय इलाकों में भी बादल छाए रहे, जिससे वहां के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। कल्पा का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री और ताबो का 20 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और कड़े होने की संभावना है।
भीषण हीट वेव के बीच आंधी-तूफान का यैलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में इस समय मौसम के 2 विरोधाभासी रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां मैदानी और कम ऊंचाई वाले इलाकों में भीषण हीट वेव (लू) का प्रकोप जारी है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और आसमानी बिजली को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार रविवार को 4 जिलों ऊना, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी आदि निचले क्षेत्रों में लू का प्रभाव बना रहेगा, जिससे दिन के समय घर से निकलना मुश्किल होगा।
मौसम केंद्र शिमला के अनुसार मौसम की असली सक्रियता 28 और 29 अप्रैल को देखने को मिलेगी। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मध्य व उच्च पहाड़ियों के तहत शिमला, कुल्लू, मंडी और चम्बा में आंधी-तूफान के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 28 अप्रैल के बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की राहत मिलने की उम्मीद है।

