युवा कांग्रेस ने पार्टी मुख्यालय में बनाई विधानसभा घेराव की रणनीति, विक्रमादित्य भी रहे मौजूद

punjabkesari.in Sunday, Mar 06, 2022 - 11:08 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल युवा कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित हुई। इस बैठक में 14 मार्च को किए जाने वाले विधानसभा घेराव की रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने की। इस अवसर पर युकां के प्रदेश प्रभारी अमरप्रीत लाली व हिमाचल युकां के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं शिमला ग्रामीण विस के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने विशेष तौर पर शिरकत की। इसके साथ ही युकां के कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर भी मौजूद रहे। बैठक में सभी जिला प्रभारियों द्वारा अपनी-अपनी रिपोर्ट भी पेश की गई। निगम भंडारी ने बताया कि इस दौरान विधानसभा घेराव को लेकर प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों, सभी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों, प्रदेश मीडिया विभाग, लीगल सैल व सोशल मीडिया के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से युकां पदाधिकारी व सदस्य भाग लेंगे।

अपने हकों की सुरक्षा के लिए कर्मचारी वर्ग सड़कों पर, सरकार वार्ता तक करने को तैयार नहीं 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और बढ़ती महंगाई से आम जनता त्रस्त है। कर्मचारी वर्ग अपने हकों की सुरक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहा है लेकिन उनकी सुनवाई तो दूर, सरकार वार्ता तक करने को तैयार नहीं है। नेगी ने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रहे धरने-प्रदर्शन जयराम सरकार की विफलताओं को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशा माफिया का जाल फैलता जा रहा है जबकि कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर युकां विधानसभा का घेराव करेंगी। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों, सभी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों, प्रदेश मीडिया विभाग, लीगल सैल व सोशल मीडिया के पदाधिकारियों ने भाग लिया। युकां के प्रदेश प्रभारी अमरप्रीत लाली सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर विधानसभा के घेराव को सफल बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि 14 मार्च के प्रस्तावित घेराव में भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और युकां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. भी भाग लेंगे। उन्होंने पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा और नगर निगम शिमला चुनाव के लिए अभी से ही तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए।

एकजुट होकर सरकार के खिलाफ खोलें मोर्चा

विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सभी नौजवान साथी एकजुट होकर केंद्र व प्रदेश भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलें। उन्होंने कहा कि आगामी मई माह में शिमला नगर निगम के चुनाव होने जा रहे हैं। इसके साथ ही साल के अंत में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं, ऐसे में सभी अभी से अपने-अपने चुनाव क्षेत्र में डट जाएं और भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत करवाएं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News