Kullu News: अलमारी में कपड़ों की जगह छिपा रखा था ''मौत का सामान'', मनाली में 21 साल का चिट्टा तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 01:07 PM (IST)
कुल्लू (संजीव): नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनाली पुलिस को एक अहम कामयाबी मिली है। पुलिस ने बाहंग (पधर) क्षेत्र में एक किराए के शैड में छापेमारी कर 21 वर्षीय युवक को 6.200 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उप निरीक्षक नंद लाल के नेतृत्व में मनाली पुलिस की एक टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि बाहंग क्षेत्र के एक किराए के शैड में एक युवक रहता है, जो छोटी-छोटी मात्रा में चिट्टे बेचने का काम कर रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए नियमानुसार उक्त स्थान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान जब पुलिस टीम ने शैड की तलाशी ली, तो वहां रखी एक प्लाईवुड की अलमारी के लॉकर से एक पारदर्शी पॉलीथीन का लिफाफा बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें से 6.200 ग्राम चिट्टा पाया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 21 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। वह बीर बहादुर का पुत्र है और वार्ड नंबर 2 (रैस्ट हाऊस के निकट), मनाली का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मनाली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस : डीएसपी
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को नशीले पदार्थ के साथ काबू कर लिया है। अब मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी नशे की यह खेप कहां से लाया था और इस धंधे में उसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं। डीएसपी ने कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

