Una: शादी से पहले लापता युवती लुधियाना में युवक के साथ बरामद
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 10:59 PM (IST)
अम्ब(अश्विनी): शादी से महज 2 दिन पहले युवती के अचानक लापता होने के मामले में अम्ब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बुधवार देर रात युवती और आरोपी युवक को पंजाब के लुधियाना से बरामद किया। बताया जा रहा है कि दोनों वीरवार को कथित रूप से कोर्ट मैरिज करने की तैयारी में थे लेकिन उससे पहले ही रात को पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। उधर, वीरवार सुबह थाना अम्ब के बाहर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब एक ओर आरोपी युवक की पत्नी व उसके मायके पक्ष के लोग पहुंचे, जबकि दूसरी ओर आरोपी के परिजनों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति गर्मा गई और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई।
हालांकि पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए माहौल को शांत करवा दिया, जबकि युवती का परिवार भी थाना परिसर में मौजूद था। जानकारी के अनुसार 5 मई को युवती के परिजनों ने थाना अम्ब में शिकायत दर्ज करवाई थी कि साथ लगते गांव का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से भगा कर ले गया है। मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब पता चला कि आरोपी युवक कथित रूप से विशेष समुदाय से संबंध रखता है तथा उसकी शादी करीब 3 वर्ष पूर्व हो चुकी है। इस घटनाक्रम को लेकर आरोपी युवक की पत्नी और उसके मायके पक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई है। युवती के परिजन भी थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। उल्लेखनीय है कि युवती की शादी वीरवार को तय थी एवं आज उसे मायके से ससुराल की विदाई तय थी।
सूत्रों का कहना है कि दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम ने युवती के मायके, होने वाले दूल्हे के परिवार, आरोपी युवक के घर तथा उसके ससुराल सहित 4 परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अनिल पटियाल, डीएसपी, अम्ब ने कहा कि पुलिस थाना अम्ब में शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 87 के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि युवती का मैडीकल करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। शुक्रवार को युवती के कोर्ट में बयान दर्ज करवाए जाएंगे। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि तथ्यों के आधार पर मामले की आगामी कानूनी जांच आगे बढ़ाई जा सके।

