​Una: श्री विजय चोपड़ा जी ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, जरूरतमंद परिवारों को बांटा राशन

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 11:25 PM (IST)

ऊना (कंवर): हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद (पंजी.) के संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरि सिंह की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को होटल नटराज पैलेस ऊना में श्रद्धांजलि, अमोदिनी राशन वितरण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्यातिथि पंजाब केसरी मीडिया समूह के प्रधान संपादक श्री विजय चोपड़ा रहे।

समारोह में ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, कुटलैहड़ विस क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक ओ.पी. रतन, मार्कीट कमेटी ऊना के अध्यक्ष शिव कुमार सैणी व नगर परिषद ऊना के पूर्व अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में 44 पात्र महिलाओं को 99,000 रुपए का 3 माह का राशन दिया गया जबकि 27 मेधावी व जरूरतमंद विद्यार्थियों को 1,09,622 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्व. कंवर हरि सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

समीक्षा को 21 हजार रुपए छात्रवृत्ति
समारोह में परिषद सदस्य योगेश कौशल द्वारा प्रायोजित हिमोत्कर्ष मेधावी छात्र छात्रवृत्ति 2025 के अंतर्गत थानाकलां निवासी समीक्षा पुत्री स्व. विपिन कुमार जिसने नीट यूजी-2026 में अनुसूचित जाति वर्ग में अखिल भारतीय स्तर पर 449वीं रैंक प्राप्त किया है, को 21,000 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।

8 छात्राओं को स्व. शांति देवी शर्मा व स्व. वीना रानी स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति
स्व. शांति देवी शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के अंतर्गत लाला जगत नारायण हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द की बीसीए, बीबीए,बीए व बी.कॉम. की छात्राओं कोमल देवी, नेहा देवी, सिया रानी, अदिति, अनीता देवी एवं शिवानी चौधरी को कुल 28,344 रुपए की छात्रवृत्तियां प्रदान की गईं। स्व. वीणा रानी स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के तहत शिवानी एवं तमन्ना को कुल 15,278 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

8 विद्यार्थियों को स्व. मदन शर्मा व दीवान चंद स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति
स्व. मदन शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बदोली के अदिति, प्रीति कपूरिया, अंशिका बाला एवं मोहित को 2500-2500 रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। स्व. दीवान चंद स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजावर के जसप्रीत कौर, अंशिका, रिया एवं ईशिका को भी 2500-2500 रुपए की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया।

10 नर्सिंग छात्राओं को स्व. डा. हरेकृष्ण गोयल स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति
स्व. डा. हरे कृष्ण गोयल स्मारक मेधावी नर्सिंग छात्रा हिमोत्कर्ष छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत रवि शर्मा, कोमल, रूबी, वनी कपिला, छवि, हरसमृत कौर, शालू, साक्षी गुलेरिया, कोमल धीमान एवं दीपिका शर्मा को 2500 रुपए प्रति छात्रा छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

अमोदिनी योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को मिला राशन
समारोह के दौरान परिषद की अमोदिनी राशन वितरण योजना के अंतर्गत चयनित जरूरतमंद परिवारों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के कर कमलों से नि:शुल्क राशन वितरित किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि यह योजना लंबे समय से जरूरतमंद परिवारों की सहायता के उद्देश्य से संचालित की जा रही है और भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News