Una: 54 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पंजाब के व्यक्ति के साथ जाने की आशंका; पुलिस ने तेज की तलाश

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 07:20 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): उपमंडल के एक गांव से करीब 54 वर्षीय महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर अम्ब पुलिस ने महिला की तलाश तेज कर दी है। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश देकर महिला का सुराग जुटाने में लगी हुई है। जानकारी के अनुसार महिला गत सोमवार को अपने घर से अचानक लापता हो गई। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद महिला के परिजनों ने अम्ब थाना पहुंचकर उसके लापता होने की सूचना दी और आशंका जताई कि कथित रूप से पंजाब का एक व्यक्ति (40) उसकी मां को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति के पंजाब स्थित घर पर दबिश दी।

जांच के दौरान सामने आया कि जिस रात महिला लापता हुई, उसी रात उक्त व्यक्ति भी अपने घर से गायब हो गया था। इतना ही नहीं, पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि वह अपने साथ घर का कीमती सामान भी लेकर निकला है। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की आशंका और गहरा गई है कि दोनों एक साथ कहीं चले गए हैं। बताया जा रहा है कि लापता महिला पोते-पोतियों वाली है, जबकि दूसरी ओर जिस व्यक्ति पर संदेह जताया जा रहा है, वह भी एक बेटी का पिता है। इस पूरे घटनाक्रम ने दोनों परिवारों के साथ-साथ क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना दिया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि महिला की एक करीबी सहेली को दोनों के आपस में कथित तौर पर मिलने की जानकारी थी। इसी कड़ी में बुधवार को अम्ब पुलिस ने सहेली से लंबी और गहन पूछताछ की।

पुलिस उससे यह जानने का प्रयास कर रही है कि दोनों ने कहां जाने की योजना बनाई थी और उनके संभावित ठिकाने कौन-कौन से हो सकते हैं। उधर पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मोबाइल फोन और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर दोनों की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और मामले से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि एक महिला के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। महिला की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले में तथ्य सामने आने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News