Una: अंबाला-करतोली वाया ऊना से नई ट्रेन के संचालन से यात्रियों की सुविधा में बढ़ौतरी: अनुराग ठाकुर

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 09:41 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के दृष्टिगत अंबाला-करतोली वाया ऊना एक नई ट्रेन चलाने व दिल्ली-दौलतपुर चौक दिल्ली एक्सप्रैस ट्रेन का अब पंजाब के करतोली स्टेशन तक विस्तार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी व रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का आभार प्रकट करते हुए इसे हिमाचल में रेल सेवाओं के विस्तार में एक बड़ा कदम करार दिया है। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष स्नेह के कारण हिमाचल प्रदेश में रेल सेवाओं के विस्तार को पिछले 12 वर्षों में नई गति मिली है। अनुराग ने कहा कि मुझे यह बताते हुए हर्ष का अनुभव हो रहा है कि मैंने हिमाचल में रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से पत्राचार के माध्यम व व्यक्तिगत रूप से भेंट करके अंबाला-करतोली वाया ऊना एक नई ट्रेन चलाने व दिल्ली-दौलतपुर चौक दिल्ली एक्सप्रैस ट्रेन का अब पंजाब के करतोली स्टेशन तक विस्तार की मांग रखी थी। मेरी इस मांग को रेल मंत्री ने सहर्ष स्वीकार करते हुए इसके लिए अपनी मंजूरी दे दी है। हिमाचल की रेल यातायात सुविधा में यह एक अहम पड़ाव है, जिसके लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के आभारी हैं।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि अंबाला-करतोली वाया ऊना व अम्ब-अंदौरा के बीच नई ट्रेन सेवा व दिल्ली-दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन तक चलने वाली दिल्ली एक्सप्रैस ट्रेन अब पंजाब के करतोली रेलवे स्टेशन तक यात्रियों की सेवा के लिए समर्पित रहेगी। नई ट्रेन संख्या 14501/14502 अंबाला सिटी-करतोली एक्सप्रैस प्रतिदिन चलेगी जोकि करतोली से यह ट्रेन सुबह 8:30 बजे रवाना होकर दोपहर 12:55 बजे अंबाला सिटी पहुंचेगी। अंबाला से देश के बड़े शहरों के लिए सीधी कनैक्टीविटी के लिए अनेकों ट्रेन और देवभूमि हिमाचल से बहुत कम खर्चे में यात्री अंबाला पहुंचकर देश के अनेक हिस्सों की यात्रा कर सकते हैं। वापसी में अंबाला सिटी से शाम 4:15 बजे चलकर रात 8:25 बजे करतोली पहुंचेगी। देवभूमि हिमाचल में इस नई ट्रेन का ठहराव दौलतपुर चौक, अम्ब, अंदौरा, ऊना, हिमाचल के स्टेशनों पर रहेगा, जिससे हिमाचल के यात्रियों को देश के बड़े शहरों में पहुंचने में सुविधा रहेगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा “ कि रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 14053/14054 दिल्ली-दौलतपुर चौक एक्सप्रैस का विस्तार करतोली तक कर दिया है। अब दिल्ली से यह ट्रेन रात 10:50 बजे रवाना होकर सुबह 7:20 बजे दौलतपुर चौक पहुंचेगी, यहां से ट्रेन सुबह 7:22 बजे चलेगी और सुबह के 7:50 बजे करतोली पहुंचेगी। वापसी में करतोली से ट्रेन रात 8:55 बजे चलकर 9:03 बजे दौलतपुर चौक पहुंचेगी, जहां से रात 9:05 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 5:00 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी। इस नई रेल सेवा शुरू होने से देवभूमि हिमाचल के पर्यटकों, कामगारों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों को बड़े पैमाने पर लाभ मिलेगा और हिमाचल की अर्थव्यवस्था में बढ़ौतरी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News