Una: मुबारिकपुर में गिफ्ट एवं टॉयज की दुकान में लगी आग, 6 लाख का नुक्सान
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 05:39 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): उपमंडल अम्ब के तहत मुबारिकपुर में रविवार रात को एक गिफ्ट एवं टॉयज की दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुक्सान हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि या व्यक्ति घायल नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9.20 बजे अग्निशमन चौकी अम्ब को मुबारिकपुर स्थित ऋतिक कालिया की गिफ्ट एवं टॉयज की दुकान में आग लगने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तरफ से इंचार्ज अशोक कुमार की अगुवाई में परिशामक मनोहर लाल,एच.जी. देवेन्द्र, चालक रणजीत सिंह पर आधारित टीम मौके पर पहुंची। शोरूम में आग इतनी भयानक थी कि मौके पर एक गाड़ी ऊना से मंगवानी पड़ी। बताया जा रहा है कि दुकान की तीसरी मंजिल में आग लगी थी। अग्निशमन कर्मियों ने लगभग अढ़ाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
विभाग की तत्परता से लगभग 20 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि करीब 6 लाख रुपए के सामान के जलकर नष्ट होने का अनुमान है। अग्निशमन चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है।

