ऊना में भीषण सड़क हादसा, काम से घर लौट रहे युवक की दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 03:58 PM (IST)
Una Road Accident : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक कार और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई।
ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे घर
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के गोंदपुर जयचंद क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान राज कुमार (34 वर्षीय) पुत्र सतपाल, निवासी मेंहदवाणी, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। वह एक केबल निर्माण उद्योग में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि सोमवार रात जब राज कुमार ड्यूटी खत्म कर बाइक पर अपने घर लौट रहा था, तभी एक उत्तर प्रदेश (UP) नंबर की कार के साथ उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल राज कुमार को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

