मंडी में तेज रफ्तार बनी काल, 40 फीट खाई में गिरी स्कूटी...युवक की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 06:18 PM (IST)
Mandi Road Accident : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर थाना क्षेत्र के ढेलु के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैरापिट से टकराने के बाद करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार सुबह के समय पेश आया। मृतक की पहचान जिला कांगड़ा के बैजनाथ निवासी नावंग टन्डूप के रूप में हुई है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी अंकुश कुमार ने पुलिस को बताया कि स्कूटी चालक काफी तेज गति में था। ढेलु के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण स्कूटी जोरदार तरीके से पैरापिट से टकराई और सीधे 40 फीट नीचे खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल को सिविल अस्पताल जोगिंदर नगर पहुंचाया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही जोगिंदर नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने चश्मदीद के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

