Himachal: मंडी में प्राइवेट बस से 5.535 KG चरस व 568 ग्राम अफीम बरामद, हरियाणा के 3 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 12:14 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सदर थाना पुलिस की टीम ने शिला किप्पड़ में नाकाबंदी के दौरान एक प्राइवेट बस से भारी मात्रा में चरस और अफीम बरामद कर हरियाणा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सदर मंडी की टीम शिला किप्पड़ में वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान केलांग-मनाली-धर्मशाला रूट पर जा रही एक प्राइवेट बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार तीन व्यक्तियों की गतिविधियों पर शक होने पर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने मादक पदार्थों को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार और अमित के रूप में हुई है। ये तीनों जिला सोनीपत (हरियाणा) के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को आज कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस न्यायालय से आरोपियों की रिमांड मांगेगी ताकि मामले की गहनता से जांच की जा सके। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस जगह पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

मंडी के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला पुलिस नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास नशा तस्करी या अन्य किसी अवैध गतिविधि की कोई जानकारी हो, तो वे बेझिझक पुलिस को इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News